October 7, 2024

सरकारी वाहन में कर रहा था सागौन की तस्करी

भोपालपटनम। छत्‍तीसगढ़ के बीजापुर जिले के पशु चिकित्सा विभाग के उप संचालक लल्लन सिंह को सरकारी वाहन में सागौन की लकड़ी (चिरान) की तस्करी करते वन विभाग की टीम ने पकड़ा। लल्लन सिंह खुद वाहन चला रहे थे। वाहन में पीछे चार नग सागौन का चिरान रखा हुआ था। अधिकारी द्वारा सरकारी वाहन में सागौन भरकर बीजापुर जाने की खबर वन कर्मियों को लग गई थी। जिसके बाद वन विभाग की टीम द्वारा वन जांच नाका भोपालपटनम में वाहन के आने का इंतजार किया जा रहा था। दोपहर बाद जैसी ही वाहन वन जांच नाका में पहुंची उसे रोक लिया गया। अधिकारी ने पहले वनकर्मियों को गुमराह करने की कोशिश की लेकिन कड़ाई के बाद उन्होंने सागौन ले जाना स्वीकार कर लिया। वाहन की जांच में सागौन मिलने के बाद वन विभाग की टीम ने वाहन और लकड़ी को जब्त कर वन काष्ठागार ले गई। उप संचालक लल्लन सिंह से पूछताक्ष में वह सरकारी वाहन में सागौन की लकड़ी भरकर ले जाने का सही जवाब नहीं दे सके। वन विभाग की कार्रवाई के बाद उप संचालक वहां से दूसरी वाहन में बीजापुर के लिए रवाना हो गए। मिली जानकारी के अनुसार वाहन में सागौन का चिरान रालापल्ली के जंगल से भरा गया था।

Share